कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह ने कहा है कि छत्ताीसगढ़ सरकार नक्सलियों से निपटने में विफल रही हैं। केंद्र पर नक्सलियों के विरुद्ध कार्रवाई न करने का ठीकरा फोड़ना राजनीति से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रमन सिंह सैन्य कार्रवाई की मांग करें, केंद्र सरकार इस पर विचार करेगी। दिग्विजय सिंह नोएडा में उप्र कांग्रेस के सात मंडलों के संयुक्त संगठन चुनाव समीक्षा शिविर के दौरान पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने छत्ताीसगढ़ सरकार से सवाल पूछा कि नक्सली हमले केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों पर ही क्यों हो रहे हैं? राज्य की पुलिस नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात क्यों नहीं की जा रही? कहीं नक्सलियों को राज्य सरकार का संरक्षण तो प्राप्त नहीं है? इससे पहले कि हालात बदतर हों, राज्य सरकार को लचीला रूख छोड़कर नक्सलियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
उत्तार प्रदेश में रालोद के साथ मिलकर चुनाव लड़ने पर उन्होंने कहा कि इस मसले पर चौधरी अजीत सिंह से वार्ता हुई है। लेकिन किसी भी मुद्दे पर सहमति नहीं बनी है। चुनाव अकेले लड़ना है या रालोद के साथ मिलकर, इसका निर्णय हाईकमान करेगा।