रोम। इटली, फ्रांस, जर्मनी, स्पेन और ब्रिटेन के विदेश मंत्रियों ने इजरायल से गाजा के बारे में उसकी नीति को बदलने की अपील की है।
इटली के विदेश मंत्रालय से सोमवार जारी एक बयान में पांचों विदेश मंत्रियों के हवाले से कहा गया है कि गाजा की स्थिति के स्थाई समाधान के लिए उसके प्रति नीति में मौलिक बदलाव करने होंगे। यह बदलाव संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 1860 के अनुकूल होना चाहिए।
यह प्रस्ताव संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में पिछले साल पारित किया गया था जिसमें अपील की गई थी कि इजरायल अपने सैनिकों को गाजा से पूरी तरह से हटा लेगा और इन इलाकों में भोजन, पानी दवा जैसी आवश्यक सामग्री की निर्बाध आपूर्ति होने देगा। साथ ही वह इस इलाके में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देगा ताकि हथियारों की तस्करी को रोका जा सके।
पांचों विदेश मंत्रियों ने अपने जारी बयान में यह उम्मीद जताई है कि जो भी निर्णय इजरायल सरकार करेगी वह जल्द ही प्रभाव में लाया जाएगा। इजरायल ने कहा है कि वह वह गाजा पर लगाए प्रतिबंधों में ढील देगा और निगरानी के साथ वहां के लिए निर्यात की सुविधा भी देगा लेकिन वह उन वस्तुओं के प्रवेश पर पाबंदी लगाएगा जिसका दोहरा इस्तेमाल [सुरक्षा के संदर्भ में] हो सकता है।
गौरतलब है कि इजरायल पर उसके द्वारा तुर्की के 9 मानवाधिकार कार्यकर्ताओं की हत्या के आरोप को लेकर अंतरराष्ट्रीय दबाव बढ़ता जा रहा है।