राष्ट्रपति बराक ओबामा ने भारतीय मूल की अमेरिकी नागरिक निशा देसाई बिस्वाल को यूनाइटेड स्टेट्स एजेंसी फार इंटरनेशनल डेवलपमेंट [यूएसएआईडी] में एशियाई मामलों के लिए सहायक प्रशासक के तौर पर नामांकित किया है। संयोग से यूएसएआईडी के प्रमुख राज शाह हैं। शाह ओबामा प्रशासन में एक सर्वोच्च पद पर कार्यरत भारतीय अमेरिकी हैं। बिस्वाल मौजूदा समय में अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में विदेश विभाग से जुड़ी एक उपसमिति में पदस्थ हैं।
ओबामा ने बिस्वाल के नाम की घोषणा करते हुए कहा कि मैं शुक्रगुजार हूं इन प्रभावशाली लोगों का, जिन्होंने मेरे प्रशासन में शामिल होने के लिए सहमति जताई। मुझे विश्वास है कि ये लोग अपनी नई भूमिका को बखूबी निभाएंगे।
बिस्वाल मौजूदा समय में जिस पद पर हैं वह विदेश मंत्रालय, यूएसएआईडी और अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़े बजट के अन्य पहलुओं के अधिकार क्षेत्र में आता है। वर्जिनिया विश्वविद्यालय से कला में स्नातक बिस्वाल अमेरिकी अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़े बजट के निरीक्षण को लेकर विनियोग समिति के अध्यक्ष डेविड ओबे और उपसमिति की अध्यक्ष नीटा लोवे को विनियोग प्रबंध में आवश्यक मदद करती हैं।
बिस्वाल अंतरराष्ट्रीय मानवीय एवं विकास संबंधी गैर सरकारी संगठनों से संबंधित सबसे बड़े अमेरिकी नेटवर्क की 'पॉलिसी एंड एड्वोकेसी एट इंटर एक्शन' में निदेशक रह चुकी हैं।
उन्होंने चार साल तक यूएसएआईडी में प्रशासक की विशेष सहायक के तौर पर काम किया है। इसके अलावा वह अमेरिकन रेडक्रॉस के लिए भी काम कर चुकी हैं।