अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की सम्मान की फेहरिस्त में एक और इजाफा हुआ है। उन्हें अमेरिका के अब तक के सर्वश्रेष्ठ अमेरिकी राष्ट्रपतियों की सूची में 15वां स्थान मिला है। पूर्व राष्ट्रपति फ्रैंकलिन डी रुजवेल्ट सूची में शीर्ष पर काबिज हैं। वहीं बिल क्लिंटन को 13वां स्थान मिला है। अमेरिका में अब तक 43 राष्ट्रपति शासन कर चुके हैं। 'सिएना कालेज' द्वारा कराए गए 'सर्वे आफ यूएस प्रेसिडेंट्स' के मुताबिक ओबामा से पहले देश की कमान संभाल रहे जार्ज डब्ल्यू बुश को इस सूची में 39वां स्थान मिला है। एक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, इस सर्वेक्षण में 238 शोध छात्रों ने हिस्सा लिया। सर्वेक्षण में छात्रों से देश में अब तक हुए सभी 43 राष्ट्रपतियों को 20 अलग-अलग कसौटियों पर परखने को कहा गया। छात्रों ने अब तक हुए सभी अमेरिकी राष्ट्रपतियों को कानूनी उपलब्धियों से लेकर निष्ठा और कल्पना तक की कसौटियों पर परखा।
इस कसौटी पर फ्रैंकलिन डी रुजवेल्ट सबसे ज्यादा खरे उतरे। उन्हें पहला स्थान मिला। जबकि रोनाल्ड रीगन को 18वां स्थान मिला। 1982 में अपनी स्थापना के बाद सिएना कालेज रिसर्च इंस्टीट्यूट की ओर पांचवीं बार यह सर्वेक्षण कराया गया है। इस सूची में थियोडोर रुजवेल्ड को दूसरा, अब्राहम लिंकन को तीसरा और जार्ज वाशिंगटन को चौथा और थामस जेफरसन को पांचवां स्थान मिला।