मैनचेस्टर युनाइटेड के स्ट्राइकर माइकल ओवेन ने फीफा विश्व कप टूर्नामेंट में लचर प्रदर्शन करने वाले इंग्लैंड के अपने सहयोगी स्टार खिलाड़ी वेयान रूनी की तरफदारी की है। फुटबाल महासमर में कमाल करने की उम्मीदों का बोझ लेकर दक्षिण अफ्रीका गए रूनी को दूसरे दौर में टीम की हार के बाद गोल के लिहाज से सूनी झोली लेकर वापस लौटना पड़ा था। चौतरफा आलोचना झेल रहे रूनी को ओवेन के रूप में एक हमदर्द मिल गया है। ओवेन को भरोसा है कि 24 वर्षीय रूनी थोड़े आराम के बाद अपने सर्वश्रेष्ठ फार्म में आ जाएंगे।
उन्होंने कहा, 'लोग विश्व कप टूर्नामेंट के बाद रूनी के बारे में तरह-तरह की बातें इसलिए कर रहे हैं क्योंकि बड़े खिलाड़ी होने की वजह से उनसे तमाम उम्मीदें लगी थीं लेकिन टूर्नामेंट में कई अन्य बड़े खिलाड़ी भी हैं जो उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके हैं।' ओवेन ने कहा, 'लोग रूनी की ही आलोचना कर रहे हैं। इसमें कोई शक नहीं है कि वह सर्वश्रेष्ठ फार्म में नहीं थे। उसका कारण चाहे जो भी रहा हो। चाहे वह थकान की वजह से हो या फिर टीम के अन्य खिलाड़ियों के अच्छा नहीं खेल पाने के कारण हो।'