वाशिंगटन। मेक्सिको की खाड़ी में तेल के रिसाव और देश की अर्थव्यवस्था पर रिपब्लिकन पार्टी के सांसदों के रवैए को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने नाराजगी जाहिर की है।
मिडवेस्टर्न विस्कोन्सिन में एक बैठक को संबोधित कर रहे ओबामा ने आरोप लगाया कि विपक्षी रिपब्लिकन पार्टी के नेता संपर्क में नहीं रहते हैं। उन्होंने कहा कि मंदी के कारण करीब 80 लाख लोग अपने रोजगार खो चुके हैं और ऐसे समय पर हम लोग जिन बातों को लेकर तकरार कर रहे हैं वे अधिक मायने नहीं रखती। हमें उन गैर विवादित मुद्दों पर सोचना चाहिए जैसे छोटे कारोबार के लिए ऋण देना और बेरोजगार बीमा बढ़ाना आदि। उन्होंने कहा कि दूसरी पार्टी में कुछ सीनेटर ऐसे हैं जिनके विचार अलग हैं। वे लोग सत्ता का इस्तेमाल इस राहत को अमेरिकियों तक पहुंचने से रोकने में कर रहे हैं। वे तो इन मुद्दों पर वोट की स्थिति भी नहीं आने देते। सीनेट में हर तरह की प्रक्रियाओं के माध्यम से वे मतदान रोक देते हैं।
ओबामा ने कहा कि विपक्षी नेता इस मूल परिकल्पना पर चलते हैं कि अगर वह [ओबामा] नाकाम होते हैं तो उनकी [विपक्ष] की जीत होगी। विपक्षी नेता मानते हैं कि अगर वह हर बात के लिए लगातार नहीं कहते हैं और कुछ न होने पाए तो लोग किसी तरह यह भूल ही जाएंगे और नवंबर में उन्हें अधिक वोट मिल जाएंगे। यही सोच लोगों को राजनीति के बारे में भ्रमित कर देती है।
उन्होंने कहा विपक्ष को लगता है कि अगर हम हमारे बैंकों, तेल कंपनियों और बीमा उद्योग को उनके अपने कानून चलाने दें तो हमारी अर्थव्यवस्था बेहतर होगी। वे अब भी मानते हैं कि मंदी के बाद और बीपी तेल रिसाव के बावजूद हमें सामान्य रुख बनाए रखना चाहिए। ओबामा के अनुसार विपक्ष को लगता है कि हम जो करते रहे हैं, हमें आगे वही करते रहना चाहिए।