लंदन। विंबल्डन के पुरुष एकल में पांचवें वरीय अमेरिका के एंडी रोडिक ने पहला सेट हारने के बाद वापसी करते हुए तीसरे दौर में जगह बना ली है। वहीं महिला एकल में अमेरिकी दिग्गज वीनस विलियम्स और बेल्जियम की जस्टिन हेनिन भी तीसरे दौर में पहुंचने में कामयाब हो गईं।
रोडिक ने दूसरे दौर में फ्रांस के माइकल लोड्रा को 4-6, 6-4, 6-1, 7-6 से हराकर बाहर का रास्ता दिखाया। वह दूसरे दौर में जर्मनी के फिलिप कोलश्रेबर और जार्जिया के तेमूराज गबाशविली के बीच होने वाले मैच के विजेता से भिड़ेंगे। वीनस ने एकतरफा जीत के साथ विंबल्डन टेनिस टूर्नामेंट के महिला एकल के तीसरे दौर में प्रवेश किया जबकि बेल्जियम की ग्रैंडस्लैम विजेता जस्टिन हेनिन और किम क्लाइस्टर्स भी सीधे सेटों में अपने दूसरे दौर में मैच जीतने में सफल रहीं।
वीनस ने अपना दमदार प्रदर्शन जारी रखते हुए रूस की एकाटेरिना माकारोवा को सीधे सेटों में आसानी से 6-0, 6-4 से हरा दिया। अगले दौर में उनका सामना रूसी खिलाड़ियों 26वीं वरीय एलिसा क्लेबानोवा और आला कद्रयत्सेवा के बीच होने वाले मैच की विजेता से होगा। दूसरी तरफ आल इंग्लैंड क्लब में 2007 के बाद पहली बार खेल रही हेनिन पहले विंबल्डन खिताब की कवायद में हैं और इस 17वीं वरीय खिलाड़ी ने जर्मनी की क्रिस्टीना बारिओस को 6-3, 7-5 से हराया। उनका अगला मुकाबला 12वीं वरीय रूसी नादिया पेत्रोवा और ताइवान की चान युंग यान के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा। हेनिन ने स्वीकार किया कि उन्हें ग्रैंडस्लैम टेनिस से सामंजस्य बिठाने के लिए समय चाहिए।
हेनिन के मुताबिक, 'आपको इस रूटीन का हिस्सा बनने के लिए समय की जरूरत पड़ती है। एक दिन खेलना, अगले दिन विश्राम करना और फिर खेलना इससे सामंजस्य बिठाना वास्तव में आसान नहीं है।' इस बीच हेनिन की हमवतन और अमेरिकी ओपन चैंपियन क्लाइस्टर्स ने क्रोएशिया की कारोलिन स्पर्म को कोर्ट एक पर 6-3, 6-2 से हराकर तीसरे दौर में जगह बनाई। क्लाइस्टर्स भी चार साल बाद विंबल्डन में खेल रही हैं। उन्हें अब रूस की 27वीं वरीय मारिया किरिलेंको या अमेरिका की शेनाय पेरी से भिड़ना होगा।
फ्रांस की मरियन बार्तोली को दूसरे दौर में क्रोएशिया की पैट्रा मार्टिक के हटने से वाकओवर मिला जबकि स्लोवाकिया की डेनियला हांतुचोवा ने पहले दौर में अमेरिका की वानिया किंग को 6-7, 7-6, 6-3 से हराया। महिला वर्ग में ही इस्राइल की 13वीं वरीय सहर पीर को उलटफेर का शिकार होना पड़ा। उन्हें जर्मनी की एंजेलिक करबेर ने 3-6, 6-3, 6-4 से हराया। एक अन्य वरीयता प्राप्त खिलाड़ी यारोस्लाव शेदोवा भी बाहर हो गई हैं।
कजाकिस्तान की इस 30वीं वरीय खिलाड़ी को रूस की रेगिना कुलिकोवा ने 7-5, 6-4 से मात दी। आस्ट्रेलिया की अनुभवी खिलाड़ी एलिसिया मोलिक भी हंगरी की क्वालीफायर ग्रेटा अर्न के हाथ 7-5, 6-4 से पराजित हो गई। उधर पुरुष वर्ग में अमेरिका के अनुभवी मार्डी फिश को दूसरे दौर में ही घर का रास्ता देखना पड़ा। उन्हें जर्मनी के फ्लोरियान मेयर ने 6-7, 6-3, 6-4, 6-4 से हराया। चीनी ताइपै के एन सुन लु पोलैंड के माइकल प्रेसेज्नी पर सीधे सेटों में जीत दर्ज करके तीसरे दौर में पहुंच गए हैं।