आज प्रदर्शित हुई फिल्म राइट या रांग के निर्माता सुभाष घई का कहना है कि दीवाली पर उनके निर्देशन वाली नई फिल्म की शूटिंग शुरू होगी। उन्होंने कहा कि यह एक हास्यप्रधान फिल्म होगी। घई ने कहा, मैं जल्दी ही एक फिल्म का निर्देशन करूंगा। मैं दीवाली के आस-पास इसे शुरू करूंगा। अब तक इस फिल्म के लिए कलाकार नहीं चुने गए हैं और अभी यह अपनी शुरुआती अवस्था में है लेकिन मैं कह सकता हूं कि इसमें हास्य होगा।
घई का बैनर मुक्ता आर्ट्स लिमिटेड निर्देशक अब्बास-मस्तान के साथ भी एक फिल्म बना रहा है। अब तक इस फिल्म का शीर्षक नहीं चुना गया है। घई के फिल्म स्कूल विस्लिंग वुड्स इंटरनेशनल के छात्र भी एक फिल्म पश्चिम एक्सप्रेस का निर्माण कर रहे हैं।
घई ने फिल्म राइट या रांग में अभिनेता सन्नी देओल के साथ पहली बार काम किया है और वह उनसे बहुत प्रभावित हैं। वह कहते हैं कि सन्नी अपने काम के प्रति बहुत जुनूनी हैं और वह एक वास्तविक अभिनेता हैं।
राइट या रांग परिस्थितिवश दुश्मन बने दो दोस्तों की कहानी है। फिल्म में सन्नी के अलावा इरफान खान, ईशा कोप्पिकर और कोंकणा सेन शर्मा ने अभिनय किया है।