निठारी में खाना बनाने के दौरान सिलेंडर फटने से लगी आग में 40 झुग्गियां जलकर राख हो गईं। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक सारी झुग्गियां जल कर राख हो चुकी थीं। हालांकि आग से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। निठारी के प्राथमिक स्कूल के पास आबादी की जमीन पर महेश शर्मा, मदन व अन्य ने झुग्गियां बना रखी हैं। उन झुग्गियों को किराये पर उठाया गया है। यहां लगभग 40 से ज्यादा झुग्गियां हैं। इन्हीं में से किसी झुग्गी में गुरुवार शाम सात बजे खाना बनाने के दौरान आग लग गई। आग लगने का कारण सिलेंडर फटना बताया जा रहा है।
खबर मिलते ही मौके पर फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां पहुंचीं। एसपी सिटी समेत सीओ व इंस्पेक्टर कोतवाली सेक्टर-20 भी मौके पर पहुंचे। राहत व बचाव कार्य तेजी से चलाया गया। आग में फंसे लोगों को बाहर निकला गया। आग बुझाने में आधा घंटे का समय लगा।
हालांकि, आग में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग के बाद राख में बिखरे सामान को ढूंढने में लोग लग गए। इस आग ने एक पल में 40 परिवारों को सड़क पर ला दिया।