वीरेंद्र सहवाग के तूफानी तेवरों से न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों के दिमाग में इस कदर खौफ समा गया है कि कप्तान डेनियल विटोरी ने स्वीकार किया कि यदि कीवी टीम ने इस आक्रामक सलामी बल्लेबाज का जल्द ही तोड़ नहीं ढूंढा तो भारत इस दौरे के बाकी मैचों में भी आसानी से जीत दर्ज कर लेगा। विटोरी को बुधवार को तीसरे मैच में करारी हार का कोई बढि़या जवाब नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा, 'हम सहवाग का जवाब नहीं ढूंढ पाए हैं और यह दोनों टीमों के बीच अंतर पैदा कर रहा है। वह जब हमारे खिलाफ खेलता है तो हमारी गेंदबाजी पंगु बन जाती है।' विटोरी ने सीरीज शुरू होने से पहले भी कहा था कि सहवाग शीर्ष क्रम में लय बनाते है। वह इस तरह के आक्रामक खिलाड़ी है कि जल्द ही मैच आपके हाथ से छीन सकते है। हमारा काफी ध्यान उस पर रहेगा। यदि हम उन्हे रोक लेते है तो यह हमारे लिए बहुत अच्छा रहेगा।'
सहवाग ने सिडन पार्क पर रनों की होली खेली और न्यूजीलैंड के 270 रन के बावजूद उनके पुराने घाव ताजा कर दिए। दिल्ली के इस बल्लेबाज ने भारत की तरफ से सबसे तेज शतक का रिकार्ड बनाया। विटोरी चाहते थे कि उनके गेंदबाज लाइन और लेंग्थ से गेंदबाजी करे और यदि उन पर छक्का लगता है कि तो उसको लेकर अधिक परेशान न हों लेकिन सहवाग के सामने उनकी यह रणनीति भी नाकाम हो गई।
कप्तान के आदेश पर उन्होंने सही क्षेत्र में गेंद की लेकिन सहवाग ने बहुत अच्छी गेंद भी सीमा रेखा पार भेज दी। गेंद कहीं भी पिच कराई गई हो उसे उन्होंने ड्राइव किया या फिर सीमा रेखा के बाहर पहुंचाया। उनके कट, पुल, हुक देखने लायक थे। बारिश के कारण खेल बीच-बीच में रुकता रहा लेकिन जब खेल शुरू होता तो सहवाग के बल्ले से चौके और छक्कों की बारिश होती। काइल मिल्स, इवेन थांपसन और इयान ओ ब्रायन ऐसे में कुछ खास नहीं कर सकते थे। सहवाग ने उनकी गेंदों पर कहर बरपा दिया था।
एक समय जब विटोरी ने अपना पहला मैच खेल रहे थांपसन को दूसरे स्पैल के लिए गेंद सौंपी तो बाएं हाथ का यह गेंदबाज तांक झांक कर रहा था। उनके चेहरे पर तब यही भाव झलक रहे थे कि क्या मैं सहवाग के लिए गेंदबाजी कर सकता हूं। विव रिचर्ड्स के बाद किसी भी बल्लेबाज ने गेंदबाजों की ऐसी हालत नहीं की जबकि उनके चेहरे पर खौफ साफ दिख रहा हो। हां मैथ्यू हेडन ने ऐसा माहौल बनाया। इसी तरह से क्रिस गेल और एंड्रयू सायमंड्स भी गेंदबाजों पर हावी रहे लेकिन उतने नहीं जितने की सहवाग। सहवाग अभी 30 साल के हैं। यह वह उम्र है जबकि बल्लेबाज परिपक्व होकर और बेहतर बनता है। इसलिए जैसे कि बुधवार रात विटोरी ने कहा था कि गेंदबाजों को उनका जवाब ढूंढना होगा।