गेंदबाजों के बाद ब्रेंडन मैक्कुलम के नाबाद अर्धशतक की बदौलत न्यूजीलैंड ने रोमांच की पराकाष्ठा तक पहुंचे दूसरे ट्वंटी 20 मुकाबले में भारत को पांच विकेट से हरा दिया। न्यूजीलैंड ने 150 रन के लक्ष्य को मैच की आखिरी गेंद पर पांच विकेट खोकर हासिल किया। मैक्कुलम ने 55 गेंदों पर 69 रन बनाए जिसमें 8 चौके व एक छक्का शामिल है।
युवराज सिंह के धुआंधार अर्धशतक की बदौलत भारत ने निर्धारित बीस ओवर में छह विकेट खोकर 149 रन बनाए। युवराज ने 34 गेंद पर सर्वाधिक 50 रन बनाए। न्यूजीलैंड के कप्तान डेनियल विटोरी ने लगातार दूसरी बार टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। भारतीय ओपनर वीरेद्र सहवाग ने तेजी से रन बनाने शुरू किए। उन्होंने पांच चौके जमाकर अपने इरादे जाहिर कर दिए लेकिन वह इयान ओब्रायन की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे। विटोरी को कैच देने से पहले उन्होंने 11 गेंदों पर 24 रन बनाए। पिछले मैच में भारत को मजबूती से संभालने वाले सुरेश रैना आज खाता भी नहीं खोल सके। उनको इयान बटलर ने टिम साउथी के हाथों कैच कराया।
दूसरे सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर भी सिर्फ 13 गेंद पर दस रन बनाकर आउट हो गए। उनका विकेट इयान बटलर के खाते में गया। इसके बाद क्रीज पर आए युवराज ने ताकतवर बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए शानदार छक्के जमाए। उन्होंने देखते ही चार छक्के जमा दिए। अर्धशतक पूरा करने के बाद युवराज अपना विकेट गंवा बैठे। उनको इयान ओब्रायन ने जैकब ओरम के हाथों बाउंड्री पर कैच कराया। युवी ने 34 गेंद पर तीन चौके और चार छक्कों की मदद से 50 रन बनाए।
भारत ने पिछले मैच में खेली अपनी अंतिम एकादश में एक परिवर्तन करते हुए पिछले काफी समय से खराब प्रदर्शन करने वाले रोहित शर्मा के स्थान पर युवा आलराउंडर खिलाड़ी रवींद्र जडेजा को मौका दिया है जबकि न्यूजीलैंड ने अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया है।
स्कोर बोर्ड
भारत बीस ओवर में छह विकेट पर 149 रन
गंभीर का बी मैक्कुलम बो बटलर 10
सहवाग का विटोरी बो ओब्रायन 24
रैना का साउथी बो बटलर 0
युवराज का ओरम बो ओब्रायन 50
धौनी नाबाद 28
यूसुफ बो विटोरी 0
जडेजा का गुप्टिल बो साउथी 19
पठान नाबाद 15
अतरिक्त: 3
विकेट पतन: 1-29, 2-36, 3-47, 4-92, 5-94, 6-121।
गेंदबाजी
साउथी 4-0-36-1
ओब्रायन 4-0-30-2
बटलर 4-0-42-2
विटोरी 4-0-21-1
राइडर 4-0-18-0
न्यूजीलैंड बीस ओवर में पांच विकेट खोकर 150 रन
राइडर बो जहीर 26
बी मैक्कुलम नाबाद 69
गुप्टिल एलबीडब्ल्यू बो हरभजन 10
टेलर बो इरफान 27
ओरम का धौनी बो इरफान 0
ब्रूम का इरफान बो युवराज
एन मैक्कुलम नाबाद 1
अतिरिक्त: 12
विकेट पतन: 1-53, 2-69, 3-125, 4-125, 5-134।
गेंदबाजी
इरफान 4-0-41-2
जहीर 4-0-30-1
ईशांत 2-0-19-0
हरभजन 4-0-15-1
जडेजा 4-0-21-0
युवराज 2-0-17-1