चीन ने अब तक के सबसे बड़े सैन्य परेड, नए हथियारों और पैदल सैनिकों के प्रदर्शन तथा देश के एकमात्र सहारा समाजवाद के शीर्ष नेता के उद्घोष के साथ गुरुवार को अपना 60वां राष्ट्रीय दिवस मनाया। कड़ी सुरक्षा के बीच हजारों सैनिकों ने मार्च किया। विश्व की सबसे बड़ी सेना 'पीपुल्स लिबरेशन आर्मी' ने देशभक्ति के रंग में नए अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल [आईसीबीएम] सहित अत्याधुनिक हथियारों का प्रदर्शन किया। पश्चिमी पोशाक के स्थान पर माओ की वेशभूषा में चीन के राष्ट्रपति हू जिंताओ ने सैन्य परेड और सैंकड़ों टैंक तथा अन्य हथियारों का निरीक्षण किया।
चीन निर्मित और लाल ध्वज वाली लिमोजिन पर सवार जिंताओ ने जोशीले अंदाज में कहा कि हैलो कामरेड। ढाई घंटे से अधिक समय तक चलने वाले कार्यक्रमों की शुरूआत से पहले एनआनमन गेट पर बने मंच से राष्ट्र के नाम जारी संबोधन में जिंताओ ने कहा कि हमने हर प्रकार की कठिनाई और विफलताओं पर विजय हासिल की है और विश्व को ज्ञात है कि महान उपलब्धियों के लिए हम जोखिम उठाने का माद्दा रखते हैं।
देशभक्ति से ओत प्रोत लोगों की उपस्थिति में जिंताओ ने कहा कि गत 60 वर्षो में नव चीन का विकास और प्रगति इस बात का प्रमाण है कि समाजवाद ही चीन को बचा सकता है और केवल सुधार तथा खुलापन चीन, समाजवाद और मार्क्सवाद का विकास सुनिश्चित कर सकता है। उन्होंने कहा कि आज समाजवादी चीन आधुनिकीकरण के मार्ग पर प्रशस्त है और विश्व तथा भविष्य पूर्व की ओर बढ़ रहा है। जब चांगान एवेन्यू में राष्ट्रीय दिवस की भव्य परेड का आयोजन हुआ उस समय सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए 10 हजार से भी अधिक सैनिकों को सड़कों पर निगरानी के लिए तैनात किया गया।
गुरुवार की परेड ने गत वर्ष आयोजित ओलंपिक खेलों के भव्य उद्घाटन समारोह की याद दिला दी। 'पीपुल्स रिपब्लिक आर्मी आफ चाइना' की स्थापना की 60वीं जयंती के उपलक्ष्य में ऐतिहासिक एनआनमन चौक में परेड के अलावा राजधानी में कई समारोह आयोजित किए गए। करीब आठ लाख स्वयंसेवकों ने सुरक्षा व्यवस्था बरकरार रखने में मदद की।
एनआनमन चौक के करीब रहने वाले लोगों को एक तरह से उनके घरों में बंद कर दिया गया था। क्योंकि उनकी घरों की ओर जाने वाले सारे रास्ते बंद कर दिए गए थे। फोरबिडेन सिटी, एनआनमन रोस्ट्रम और ग्रेट हाल आफ द पीपुल जैसे स्थानों को पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया था और वे कल खुलेंगे। चौक की ओर जाने वाले लोगों की कड़ी सुरक्षा जांच की जा रही थी। क्योंकि यही स्थान गुरुवार के आयोजनों का केंद्र था।
विशाल कार्यक्रम में करीब दो लाख लोगों ने प्रस्तुति दी। आज शाम होने वाले कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भव्य आतिशबाजी होगी, जो करीब 33 मिनट चलेगी। कम्युनिस्ट पार्टी आफ चीन के अध्यक्ष माओत्सेतुंग ने च्यांग काई शेक के कोमिंतांग [केएमटी] दल के खिलाफ चली लंबी लड़ाई के बाद एक अक्टूबर 1949 को चीन को पीपुल्स रिपब्लिक घोषित किया था। चीन में कोमिंतांग दल और माओ की पार्टी के बीच गृहयुद्ध करीब दो दशक तक चला था।
उधर, दिल्ली में तिब्बत पर चीन के शासन के विरोध में गुरुवार को चीनी दूतावास के बाहर प्रदर्शन के दौरान परिसर की दीवार पर चढ़ने और अंदर जाने का प्रयास कर रहे 21 तिब्बतियों को गिरफ्तार कर लिया गया। हाथों में काले झंडे लिए प्रदर्शनकारी उच्च सुरक्षा वाले चाणक्यपुरी इलाके में चीनी दूतावास के सामने विरोध दर्ज कराने के लिए एकत्र हुए और परिसर के अंदर जाने का प्रयास किया। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शंकर दास ने बताया कि 21 तिब्बतियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह प्रदर्शन 'तिब्बतन यूथ कांग्रेस' ने आयोजित किया था।