करनाल। झोपड़ी में बीती रात आग लगने से एक परिवार खत्म हो गया। पति-पत्नी और उनके दो बेटों की मौत हो गई। आग से पड़ोस की एक अन्य झुग्गी भी स्वाह हो गई। लेकिन उसमें सो रही महिला अपने बच्चों के साथ सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रही। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।
हादसा हरियाणा के करनाल जनपद में हुआ। यहां की शिव कालोनी स्थित टपरियो झुग्गी बस्ती में जगमोहन, पत्नी बिमला, बेटा सोनू [छह साल] और मोनू [तीन माह] के साथ रहता था। रविवार रात करीब साढे़ 12 बजे उनकी झोपड़ी में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार के सदस्यों को संभलने का मौका नहीं मिला। इसी बीच आग ने पड़ोस की झुग्गी को भी अपनी चपेट में ले लिया। उसमें महिला मक्कू अपने बेटेकालू [आठ साल] बेटी मुस्कान [छह साल] और भतीजी ज्योति [चार साल] के साथ सो रही थी। आग देखते ही मक्कू के होश उड़ गए। लेकिन वह बच्चों को झुग्गी से सुरक्षित निकलने में सफल रही।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग लगने की जानकारी पुलिस व अग्निशमन केंद्र को दी। आग पर काबू पाने का प्रयास किया। पुलिस और फारेंसिक जांच टीम भी मौके पर पहुंच गई।