मुंबई। आईपीएल के अध्यक्ष ललित मोदी ने मंगलवार को एक कांफ्रेंस में इस टूर्नामेंट के ऊपर छा रहे संशय के बादलों को हटाते हुए कहा कि इसे तय समय पर ही कराया जाएगा। हालांकि चुनावों के देखते हुए कुछ मैचों की तारीखों में परिवर्तन किया गया है।
चुनावों के मद्देनजर गृह मंत्रालय पहले ही इस टूर्नामेंट के लिए सुरक्षा मुहैया कराने को मना कर चुकी है। आईपीएल के अध्यक्ष ललित मोदी ने कहा, 'यह टूर्नामेंट 10 अप्रैल से ही शुरू होगा। इसका शुरुआती और अंतिम मैच मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में कराया जाएगा। जबकि इस बार अहमदाबाद और विशाखापत्तनम में भी आईपीएल मैच कराए जाएंगे।' उन्होंने कहा, 'आईपीएल मैचों के आयोजन के लिए धर्मशाला और नागपुर पर भी विचार किया जा सकता है और इस पर बातचीत चल रही है।' खिलाड़ियों की सुरक्षा के बारे में मादी ने कहा, 'इस बार खिलाड़ियों की सुरक्षा पर अधिक ध्यान दिया गया है। इसके लिए हमने सुरक्षा बजट को भी दस गुना बढ़ा दिया है। हम नहीं चाहते है कि इस टूर्नामेंट में कोई भी अप्रिय घटना घटे।'