लंदन। अभी तक यही माना जाता है कि अमेरिका को खोजने वाला क्रिस्टोफर कोलंबस [1451-1506] स्पेन का निवासी था। अटलांटिक महासागर में नए देशों व द्वीप खोजने के लिए कोलंबस को धन भी स्पेन की महारानी इसाबेला ने दिया था। लेकिन एक नए शोध के मुताबिक कोलंबस मूल रूप से स्काटलैंड का निवासी था। और उसका असली नाम पेद्रो स्कोदो था।
स्पेन के इतिहासविद अलफांसो एंसेनात डि विलालोंगा ने आज तक चली आ रही धारणाओं को झुठला दिया है कि कोलंबस जिनोआ [इटली] के एक बुनकर की संतान था और स्पेन के काटालोनिया का रहने वाला था। विलालोंगा के हवाले से स्पेन के अखबार में कहा गया है कि कोलंबस का परिवार स्काटलैंड में रहता था जो बाद में जिनोआ चला गया। उसका मूल नाम पेद्रो था। उसका पिता बुनकर नहीं बल्कि एक दुकानदार था।
विलालोंगा ने अपने दावे की पुष्टि के लिए कैथोलिक नरेशों के एक विवरण का हवाला दिया। इसे लूसियो मैरिनियो सिकुलो ने कलमबद्ध किया था। उसने अपने लेख में जहाज का नाम पेद्रो कोलंबस लिखा है, क्रिस्टोफर नहीं। एक समुद्री डाकू विंसेंजो कोलंबस के साथ काम करने वाले पेद्रो ने बाद में उसके नाम को अपना लिया। शायद इसकी एक वजह स्काटलैंड के साथ अपने संबंधों को छिपाना रहा हो। चूंकि स्पेन की महारानी इसाबेला ही उसकी समुद्री यात्राओं का खर्च वहन कर रही थीं, तो जरूरी था कि वह दुनिया के सामने खुद को स्पेन का निवासी बताए।