दिल्ली की एक प्राइवेट कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत एक व्यक्ति को छंटनी के खौफ ने इस कदर जकड़ा कि उसने आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया जाता है कि अर्पित लहरी [42] सोहना रोड स्थित एक अपार्टमेंट में अपनी पत्नी अर्चना लहरी के साथ रह रहे थे। शनिवार शाम अर्पित अपनी पत्नी को यह बताकर घर से निकले कि वह आरडी सिटी स्थित अपने फ्लैट को देखने के लिए जा रहा है। देर शाम तक जब अर्पित वापस नहीं आया तो अर्चना ने उसके सेल फोन पर संपर्क करना शुरू किया। फोन पर लगातार घंटी जाती रही, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ।
लिहाजा अर्चना आरडी सिटी स्थित अपने फ्लैट पर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद पाया। पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़कर अंदर जाकर देखा तो कमरे में लगे पंखे के हुक से अर्पित का शव लटका हुआ था। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस अर्पित को अस्पताल ले गई, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अर्चना ने पुलिस को बताया कि उसके पति दिल्ली स्थित एक कंसलटेंसी कंपनी में बतौर मैनेजर के रूप में कार्यरत थे। मंदी के चलते कंपनी में कई अधिकारियों को चलता कर दिया गया था। इसके बाद से छंटनी का खौफ अर्पित को हर समय लगा रहता था। इसको लेकर वह तनाव में थे। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।