क्राइस्टचर्च। सचिन तेंदुलकर के बल्ले से हुई रनों की बारिश की बदौलत भारत ने न्यूजीलैंड को पांच वनडे मैचों की सीरीज के तीसरे मुकाबले में 58 रन से हरा दिया। न्यूजीलैंड की पूरी टीम 393 रन के लक्ष्य के सामने 45.1 ओवर में 334 रन ही बना सकी। न्यूजीलैंड के लिए राइडर ने 105 रन की सर्वाधिक पारी खेली जो कि नाकाफी रही।
न्यूजीलैंड की ओर से विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए सलामी बल्लेबाजों ने दमदार शुरुआत की। जैसे राइडर और ब्रेंडन मैक्कुलम ने तेजी से 100 रन जोड़े। उन्होंने भारतीय गेंदबाजों को मनमाने ढंग से खेला। हालांकि मैक्कुलम दुर्भाग्यशाली रहे और रन आउट हो गए। उन्होंने 68 गेंद पर 71 रन बनाए जिसमें छह चौके व एक छक्का शामिल है। दोनों ने पहले विकेट के लिए 166 रन जोड़े। यही से भारत के गेंदबाजों ने वापसी की नींव रख दी। रोस टेलर [7] और मार्टिन गुप्टिल [1] के विकेट सस्ते में आउट हो गए। इस बीच राइडर ने अपने कैरियर का पहला शतक जमाया लेकिन उसके बाद हरभजन सिंह ने उन्हे पवेलियन भेज दिया। जहीर खान के हाथों लपके जाने से पहले राइडर ने 80 गेंद पर 105 रन की पारी खेली जिसमें 12 चौके व चार छक्के शामिल है। न्यूजीलैंड ने अपने चार विकेट सिर्फ 188 रन पर खो दिए और उसका पांचवां झटका भी जल्द लग गया। भज्जी ने जैकब ओरम को बोल्ड कर दिया। ओरम ने सिर्फ 7 रन बनाए।
मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर की अगुवाई में बल्लेबाजों के बेजोड़ प्रदर्शन की बदौलत भारत ने निर्धारित 50 ओवर में चार विकेट खोकर 392 रन बनाए। सचिन 133 गेंद पर 163 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए। इस पारी में उन्होंने 16 चौके व पांच छक्के जमाए।
न्यूजीलैंड के कार्यवाहक कप्तान ब्रेंडन मैक्कुलम ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पहले दो वनडे में भारत को तूफानी शुरुआत देने वाले वीरेद्र सहवाग आज यह कारनामा नहीं कर सके। वह सिर्फ तीन रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उनको काइल मिल्स ने बोल्ड किया। इसके बाद क्रीज पर आए गौतम गंभीर ने जमने की कोशिश की लेकिन वह कामयाब नहीं हो सके। इयान बटलर की गेंद पर विकेटकीपर पीटर मैकग्लेशन को कैच देने से पहले उन्होंने 15 रन की पारी खेली।
क्रीज पर आए नए बल्लेबाज युवराज सिंह ने तेजी से रन बनाने शुरू किए। वहीं दूसरे छोर पर टिके सचिन ने भी अपने हाथ खोले। सचिन और युवराज ने भारत के लिए तेजी से रन बटोरकर भारत को मजबूत किया। युवी ने आक्रामक बल्लेबाजी दिखाते हुए सिर्फ 43 गेंद पर अपने कैरियर का 40वां अर्धशतक जमाया। इसके बाद भी उन्होंने अपनी तेजी बरकरार रखी लेकिन वह शतक पूरा नहीं कर सके। उन्होंने ग्रांट इलियट की गेंद पर आउट होने से पहले 60 गेंद पर 87 रन बनाए जिसमें 10 चौके व छह छक्के शामिल है। सचिन ने भी अपने हाथ खोलते हुए वनडे कैरियर का 43वां शतक जमाया।
भारत के तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा चोटिल होने के कारण एक बार फिर अंतिम एकादश में अपनी जगह नहीं बना सके है। जिस वजह से टीम इंडिया ने पिछले मैच में खेली गई अपनी अंतिम एकादश में कोई भी परिवर्तन नहीं किया है। वहीं, न्यूजीलैंड ने इस मुकाबले में दो बदलाव किए है। कप्तान डेनियल विटोरी अपनी गर्भवती पत्नी के पास गए है जिससे टीम में स्पिन की अगुवाई जीतन पटेल करेंगे जबकि लायन ओब्रायन के स्थान पर टिम साउथी की टीम में वापसी हुई है।
स्कोर बोर्ड
भारत 50 ओवर में चार विकेट खोकर 392 रन
सहवाग बो मिल्स 3
सचिन रिटायर्ड हर्ट 163
गंभीर का मैकग्लेशन बो बटलर 15
युवराज का मैकग्लेशन बो इलियट 87
धौनी का मैकग्लेशन बो मिल्स 68
रैना नाबाद 38
यूसुफ नाबाद 1
अतिरिक्त: 17
विकेट पतन: 115, 2-65, 3-203, 4-382।
गेंदबाजी
मिल्स 10-0-58-2
साउथी 10-0-105-0
बटलर 5-0-37-1
ओरम 8-1-34-0
पटेल 5-0-37-0
राइडर 5-0-56-0
इलियट 7-0-60-1