काओसिंग। प्रतिभाशाली खिलाड़ी सोमदेव देवबर्मन ने रविवार को पहले उलट एकल में अपने से ऊंची वरीयता वाले येन सुन लू को लगातार सेटों में मात देकर एशिया ओसनिया ग्रुप एक डेविस कप मुकाबले में चीनी ताइपै के खिलाफ भारत को 3-1 की अजेय बढ़त दिला दी।
इस जीत के साथ ही भारत ने इस टाइ को अपने नाम कर लिया है। अब रोहन बोपन्ना और ताइ चेन के बीच होने वाले दूसरे उलट एकल का नतीजे के लिहाज से कोई महत्व नहीं रह गया है। शनिवार को लिएंडर पेस और महेश भूपति की अनुभवी जोड़ी ने युगल मैच जीतकर 2-1 की बढ़त दिलाई थी। टाइ के पहले दिन दोनों ही देशों ने एक-एक मैच जीता था।
ऊंची वरीयता प्राप्त खिलाड़ियों के खिलाफ कुछ खास प्रदर्शन करने के लिए विख्यात हो चले सोमदेव ने दुनिया के 59वें नंबर के खिलाड़ी लू को 6-2, 6-1, 6-3 से धोकर रख दिया। हालांकि मैच की शुरुआत में लू के खिलाफ सोमदेव की जीत के मौके काफी कम माने जा रहे थे लेकिन इस युवा खिलाड़ी ने सारी आशंकाओं को गलत साबित कर दिया। भारत के शीर्ष एकल खिलाड़ी सोमदेव ने पहले सेट से ही जोरदार प्रदर्शन किया और एक बार दबाव बनाने के बाद लू को कभी भी उबरने का मौका नहीं दिया। दूसरे सेट में तो सोमदेव ने लू को केवल एक ही गेम जीतने दिया। तीसरे सेट में हालांकि लू ने वापसी की कोशिश की लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
इस मैच में सोमदेव को अपने शानदार खेल के अलावा लू के खराब प्रदर्शन से भी काफी मदद मिली। लू कभी भी अपनी ख्याति के अनुरूप नहीं खेल पाए और सोमदेव ने इसका पूरा फायदा उठाते हुए मैच धमाकेदार अंदाज में अपने नाम कर लिया।