पूर्व पाकिस्तानी राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने कहा कि लाहौर में श्रीलंका टीम पर आतंकी हमला होने से समूचा पाकिस्तान शर्मसार है। मुशर्रफ ने भारत की यात्रा पर जाने से पहले हवाईअड्डे पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यह पाकिस्तान में क्रिकेट और खेल-कूद के लिए बहुत ही खराब है। पूर्व पाकिस्तानी राष्ट्रपति की यह टिप्पणी लाहौर हमले के तीन दिन बाद आई जब हथियारों से लैस 12 आतंकियों के एक गिरोह ने लाहौर में श्रीलंकाई क्रिकेट टीम की बस पर घात लगा कर हमला किया। इस हमले में सात क्रिकेट खिलाड़ी और एक सहायक कोच घायल हो गया, जबकि आठ लोगों की जानें गई।
मुशर्रफ ने कहा कि लाहौर का यह आतंकी हमला निंदनीय है और सारा पाकिस्तान इस घटना से शर्मसार है। पूर्व सैन्य शासक ने कहा कि वह आतंकवाद से निबटने के अपनी सरकार के तौर-तरीकों और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी नीत मौजूदा सरकार के तौर तरीकों के बीच कोई तुलना नहीं करना चाहते। मुशर्रफ ने गुरुवार को पाकिस्तानी सुरक्षा बलों पर तीखे प्रहार करते हुए कहा था कि वह श्रीलंकाई क्रिकेट टीम पर हमले पर तेजी से जवाबी कार्रवाई नहीं कर सका और आतंकियों के साथ आमने-सामने की टक्कर भी नहीं किया।
उन्होंने कहा था कि लाहौर में श्रीलंकाई क्रिकेट टीम पर आतंकी हमले पर हमारी प्रतिक्रिया और बेहतर होनी चाहिए थी। पूर्व पाकिस्तानी सैन्य शासक ने कहा था कि ऐसा प्रतीत होता है कि क्रिकेट टीम की पहरेदारी की जिम्मेदारी जिन सुरक्षाकर्मियों को सौंपी गई थी उनके पास उचित प्रशिक्षण नहीं था। मुशर्रफ ने कहा था कि अगर यह विशेष बल था, तो मुझे उनसे अपेक्षा थी कि वे उनलोगों को गोली मार कर उनकी हत्या कर देते जिन्होंने क्रिकेट टीम पर हमला किया था।